अनूपपुर जिले में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। 25 दिनों से दो हाथी जैतहरी, अनूपपुर और राजेंद्र ग्राम वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जिससे यहां के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार को इन हाथियों ने छुलहाटोला और बधार के जंगल से निकल कर राजेंद्र ग्राम में चार ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, हाथियों ने खेतों और बाड़ियों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। लगातार हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीण अब वन विभाग के कर्मचारियों से भी विवाद करने लगे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मुख्य मांग है कि अनूपपुर जिले को हाथियों से मुक्त कराया जाए, क्योंकि इनकी मौजूदगी से न केवल जान-माल का खतरा बना हुआ है, बल्कि खेती को भी नुकसान हो रहा है।


