लखनऊ के इटौंजा में शुक्रवार शाम को एक बड़ा हादसा हुआ। लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटौंजा रेलवे स्टेशन के सामने एक ओवरलोड गन्ना लदा ट्राला बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में 4 साल का बच्चा घायल हो गया। शाम लगभग 7 बजे हुए इस हादसे में गन्ना भरभराकर सड़क किनारे स्थित पान मसाले की दुकान पर गिर पड़ा। इससे इटौंजा रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाले रवि का पुत्र वंश (4) गन्ने के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से गन्ने में दबे बच्चे को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को तत्काल इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे में पान मसाला दुकानदार शटल्लू पांडे को भी चोट आई। किसी अन्य व्यक्ति के गन्ने में दबे होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पूरा गन्ना हटवाया। प्रारंभिक जांच में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही और वाहन का ओवरलोड होना हादसे का कारण माना जा रहा है।


