यंग झारखंड को हरा सेरसा चक्रधरपुर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

भास्कर न्यूज| चाईबासा पवन कुमार (22 रन) एवं प्रकाश सीट (19 रन) ने अंतिम विकेट के लिए 47 रनों की नाबाद साझेदारी निभा सेरसा चक्रधरपुर को यंग झारखंड के विरूद्ध मात्र एक विकेट से रोमांचक जीत दिला कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग झारखंड क्रिकेट क्लब चाईबासा ने बल्लेबाज अरविंद कुमार के शानदार 81 रनों की बदौलत निर्धारित तीस ओवर में छह विकेट खोकर 202 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए अरविंद ने अपने 81 रनों की पारी में तेरह चौके एवं एक छक्का लगाया। अन्य बल्लेबाजों में विकेटकीपर बल्लेबाज साहिल जायसवाल ने दो चौके एवं एक छक्के की सहायता से 34 रन, कमलेश के के आर ने मात्र 14 गेंदों पर तीन चौके एवं दो छक्के की मदद से नाबाद 31 रन एवं यशस्वी मिश्रा ने दो चौके एवं एक छक्के की सहायता से 24 रनों का योगदान दिया। सेरसा चक्रधरपुर की ओर से डेविड सांगा ने 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि ए पवन कुमार एवं अमित दास को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरे सेरसा चक्रधरपुर के दोनों उद्घाटक बल्लेबाज कमल गोप एवं राजीव रंजन ने पहले विकेट के लिए 18 ओवर में 114 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। मैच के अंतिम ओवर में सेरसा चक्रधरपुर को जीत के लिए छह रनों की आवश्यकता थी, जिसे दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दो गेंद पहले ही पूरा कर दिया। पवन कुमार ने मात्र 14 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका एवं दो छक्के की सहायता से 22 नाबाद रन तथा प्रकाश सीट ने भी 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 नाबाद रन बनाए। यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब की ओर से यशस्वी मिश्रा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने छः ओवर में मात्र 17 रन देकर दो खिलाड़ियों को चलता किया। कप्तान सन्नी मिश्रा ने 35 रन देकर दो विकेट तथा अयान कुमार ने 63 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि तीन खिलाड़ी रन आउट का शिकार हुआ। अब क्वार्टर फाइनल में सेरसा चक्रधरपुर का मुकाबला चाईबासा क्रिकेट क्लब से 27 जनवरी को होगा। वहीं शनिवार को शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी चक्रधरपुर का मुकाबला आर के क्रिकेट अकादमी सोनुआ से होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *