जालंधर में शिवसेना नेता की बेटी की मौत:दीपक कंबोज की बेटी की गीजर गैस से मौत,जन्मदिन की खुशियों से पहले हादसा

जालंधर के मिट्ठा बाजार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। उत्तर भारत के राष्ट्रीय प्रमुख शिवसेना नेता दीपक कंबोज के घर उस वक्त मातम पसर गया, जब उनकी 22 वर्षीय बेटी मुनमुन चितवान की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाथरूम में नहाते समय गीजर की पाइप से गैस लीक हुई, जिससे मुनमुन को दम घुटने की शिकायत हुई और वह बेहोश हो गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही नववर्ष पर मुनमुन का जन्मदिन था, जिसकी तैयारियां पूरे घर में चल रही थीं, लेकिन खुशियों से भरा यह अवसर मातम में बदल गया। मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कंबोज की बेटी मुनमुन चितवान रोज की तरह घर के बाथरूम में नहाने गई थी। इसी दौरान गीजर से जुड़ी पाइप में तकनीकी खराबी आ गई और गैस का रिसाव होने लगा। बाथरूम बंद होने के कारण वहां गैस भर गई, जिससे मुनमुन को सांस लेने में परेशानी हुई और वह बाथरूम में ही बेहोश हो गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के चलते दरवाजा तोड़ा गया, तो मुनमुन अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का प्रारंभिक कहना है कि गैस चढ़ने से दम घुटने के कारण मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता दीपक कंबोज ने बताया कि नववर्ष के मौके पर कल ही बेटी का जन्मदिन था, जिसके लिए घर में खास तैयारियां की जा रही थीं। रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाने की योजना थी, लेकिन किसे पता था कि यह खुशी हमेशा के लिए मातम में बदल जाएगी। मुनमुन पढ़ी-लिखी और मिलनसार स्वभाव की थी, जिसकी अचानक मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *