भास्कर न्यूज | जालंधर ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स) द्वारा आयोजित किया जाने वाले एग्जाम कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (सीआरई) के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए आवेदन 31 जनवरी तक किए जा सकेंगे। यह परीक्षा सभी एम्स और अन्य केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा ग्रुप बी और सी पोस्ट पर भर्ती के लिए आयोजित की जाएगी। इसके आवेदन पत्र में करेक्शन 12 से 14 फरवरी तक किए जा सकेंगे। यह परीक्षा 26-28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी परीक्षा एम्स दिल्ली द्वारा सभी भाग लेने वाले संस्थानों के लिए होती है। इसमें वे उनके यहां उपलब्ध पदों की जानकारी एम्स दिल्ली को उपलब्ध करवाते हैं। सीआरई के माध्यम से देश के 28 संस्थानों में ग्रुप बी और सी की भर्ती की जाएगी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदन वेबसाइट www.aiims exams.ac.in पर किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन स्लिप को साथ रखने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी के साथ आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी चॉइस भी देनी होगी। सीबीटी आधारित परीक्षा होगी। इसमें 100 एमीसक्यू पूछे जाएंगे जो 400 नंबर के होंगे। इस तरह से प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होगा। इनमें 25 एमसीक्यू जनरल नॉलेज एंड एप्टीट़्यूड, कंप्यूटर से संबंधित होंगे। 75 प्रश्न संबंधित डोमन से जुड़े होंगे। प्रश्न पत्र पांच भागों में विभाजित रहेगा। जिसमें प्रत्येक के लिए 18 मिनट दिए जाएंगे। हर सेक्शन में 20 प्रश्न होंगे। यह परीक्षा इंग्लिश और हिंदी दोनों भाषाओं में होगी। इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रहेगा। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक कटेंगे। एम्स की ऑफिशियल वेबसाइट पर विभिन्न पदों की जानकारी दे दी गई है। इसमें विभिन्न संस्थानों के लगभग पांच दर्जन पद शामिल किए गए हैं, जिन पर भर्ती होगी।


