भास्कर न्यूज| लुधियाना। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2025 परीक्षा के एग्जाम पैटर्न में बदलाव किया है। परीक्षा इस बार ऑफलाइन मोड में पेन और पेपर के माध्यम से आयोजित की जाएगी। लाखों छात्र, जो मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, इस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। एनटीए ने आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा के संबंध में कई अहम जानकारियां साझा की हैं। इस बार परीक्षा को ऑफलाइन मोड में कराने का फैसला लिया गया है, क्योंकि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नीट यूजी परीक्षा को लेकर कोई ढील नहीं रखना चाहता है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार,पारदर्शिता, सुरक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए ये कदम लिया गया है। साल 2024 में हुई नीट यूजी परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों के कारण सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एक हाई-लेवल कमेटी का गठन किया गया था। इसरो के पूर्व अध्यक्ष के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली इस कमेटी ने सुझाव दिया था कि परीक्षा को कई सत्रों में और ऑनलाइन मोड में आयोजित किया जाए। हालांकि, फिलहाल परीक्षा एक ही सत्र में और पेन और पेपर मोड में होगी। नीट यूजी परीक्षा से संबंधित सभी जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट https:// neet.nta.nic .in/ पर उपलब्ध कराई जाएंगी। परीक्षा पैटर्न और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या से बचने के लिए नियमित रूप से पोर्टल पर विजिट करना फायदेमंद रहेगा। पिछले कुछ सालों का ट्रेंड देखें तो नीट यूजी परीक्षा मई के दूसरे हफ्ते में ही हो सकती है। यह परीक्षा मेडिकल कॉलेज के यूजी कोर्स में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया फरवरी के आखिरी हफ्ते या मार्च के पहले हफ्ते में शुरू हो सकती है। एनटीए ने कैंडिडेट्स को आवेदन के दौरान आधार और अपार आईडी कार्ड का उपयोग करने का निर्देश दिया है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि उनका आधार कार्ड दसवीं की मार्कशीट या पासिंग सर्टिफिकेट के अनुसार अपडेट हो। यदि आधार कार्ड में वैलिड मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो इसे ठीक करवाना अनिवार्य है। इससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। नीट यूजी 2025 परीक्षा की अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना है। एनटीए ने अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख नहीं बताई है, लेकिन आवेदन प्रक्रिया से जुड़े निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नोटिफिकेशन का इंतजार करें। छात्रों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आवेदन प्रक्रिया में कोई गलती न हो। इसके लिए जरूरी है कि वे आधार और अपार आईडी से जुड़े सभी दस्तावेज सही और अपडेटेड रखें। नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह भी जरूरी है कि वे परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट पर नजर रखें और समय पर आवेदन करें।


