बाघों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नए साल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। रात 12 बजे साल बदला, पर्यटकों ने जश्न मनाया। ताला मुख्यालय सहित होटल-रिसॉर्ट परिसरों में कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच पर्यटक आदिवासी नृत्य और देसी गीतों पर थिरकते नजर आए। नए साल के अवसर पर होटल, रिसॉर्ट और जंगल सफारी की बुकिंग पूरी तरह फुल रही। होटल-रिसॉर्ट में विशेष तैयारियां की गई थीं, जहां स्थानीय और देसी कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। जंगल और शहर में सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम लगातार जंगल क्षेत्र में गश्त करती रही। पुलिस बल भी अलग-अलग क्षेत्रों में सतर्कता के साथ भ्रमण करते दिखे। नए साल के मौके पर जिले भर के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बिरसिंहपुर पाली स्थित मां बिरासनी शक्तिपीठ और ज्वाला मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन कर नववर्ष की शुरुआत की।


