अजमेर में नए साल की सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई। जिले के कई इलाकों में अलसुबह हुई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने और तापमान में गिरावट के कारण लोगों ने ठिठुरन महसूस की। शहर के बाजारों और सड़कों पर सुबह के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार अजमेर में अगले दो दिनों तक हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में तेज ठंडी हवाएं चलने से सर्दी का असर और गहरा सकता है। विभाग ने बताया कि इस मौसम परिवर्तन के कारण सुबह और देर शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों और हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सुबह के समय धुंध और ठंडी हवाओं से बचने की सलाह दी है। मौसम में आई अचानक नमी के कारण बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।


