सागर में नए साल के जश्न को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर बुधवार की रात शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने चौक-चौराहों पर चेकिंग पॉइंट लगाए। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने मोर्चा संभालते हुए शहर की कमान अपने हाथ में ली। शहर में भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया। चेकिंग पाइंट पर पकड़ाए असमाजिक तत्व
नशे में घूम रहे कुछ असामाजिक तत्वों को पकड़ा गया है। ड्रिंक एंड ड्राइव के केस बनाए गए। शहर के मुख्य मार्गों पर पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। खास तौर पर ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है। वहीं शहर की होटलों में नववर्ष का जश्न मनाया गया। जहां फिल्मी गानों पर युवा जमकर झूमे और रात 12 बजते ही आतिशबाजी कर वर्ष 2026 का स्वागत किया। सड़क पर कई जगह हुड़दंग, पुलिस ने की कार्रवाई
एडिशनल एसपी ने कहा कि नए साल के जश्न के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सड़क पर हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोग संयम और जिम्मेदारी के साथ नया वर्ष मनाएं। सिंगरों ने दी प्रस्तुतियां, परिवारों के साथ झूमे लोग वर्ष 2026 के स्वागत के लिए तिली, बहेरिया, बटालियन रोड और मोतीनगर क्षेत्र में स्थित होटलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें भोपाल, मुंबई से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। फिल्मी गाने गाए। इस दौरान लोगों ने परिवारों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर नववर्ष का जश्न मनाया। 12 बजे ही नए साल की एक-दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दी।


