रीवा में नए साल के जश्न को देखते हुए रीवा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर को शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग पॉइंट लगाए हैं। खुद रीवा के पुलिस अधीक्षक ने मोर्चा संभालते हुए शहर की कमान अपने हाथ में ले ली है। नशे में घूम रहे कुछ असामाजिक तत्वों को पकड़ा भी गया है। पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के लिए की चेकिंग
31 दिसंबर की रात को लेकर रीवा पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। खास तौर पर ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है। रात को एसपी भी दौरे पर निकले
रीवा के एसपी स्वयं रात करीब 11 बजे शहर में भ्रमण पर निकले और चेकिंग पॉइंट्स का निरीक्षण किया। एसपी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है, चाहे वह दो पहिया हो या चार पहिया। पुलिस का साफ कहना है कि नए साल के जश्न के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सड़क पर हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रीवा पुलिस की यह सख्ती आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए है, ताकि नया साल शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से नए साल का स्वागत करें।


