लातेहार शहरी क्षेत्र में बकरी चोरी के आरोप में दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर रस्सी से बांध कर जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और सदर थाना ले गई। मिली जानकारी के अनुसार, लातेहार जिला मुख्यालय के वार्ड संख्या 8 निवासी ननका भुइयां की दो बकरियां मंगलवार रात चोरी हो गई थीं। खोजबीन के दौरान ननका भुइयां को पता चला कि दोनों बकरियों की चोरी लातेहार के ही कुछ लोगों द्वारा की गई है। इसके बाद ननका भुइयां के साथ कई अन्य ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया और एक पेड़ में रस्सी के सहारे बांध पिटाई कर दी।घटनास्थल सदर थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित था। किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण में ले लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कर अपने साथ थाना ले गई। इधर, बकरी मालिक ननका भुइयां ने बताया कि बीते कुछ दिनों में क्षेत्र में बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले भी उसकी एक बकरी चोरी हो चुकी है, वहीं अन्य ग्रामीणों की बकरियां भी चोरी हुई हैं। ननका का आरोप है कि पकड़े गए लोग एक संगठित गिरोह बनाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना था कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति खराब हो सकती थी। थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता ने बताया कि बकरी चोरी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।


