दतिया में सीएमएचओ कार्यालय से जुड़ा एक ऑडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऑडियो अक्टूबर माह में हुई एक आंतरिक बैठक का बताया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर कमीशन, प्रतिशत और लाखों रुपए के लेन-देन की बातें सुनाई दे रही हैं। हालांकि सीएमएचओ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सूत्रों के अनुसार वायरल क्लिप अक्टूबर महीने में सीएमएचओ कार्यालय में हुई बैठक की है, जिसे कथित तौर पर एक कर्मचारी ने रिकॉर्ड किया था। बताया जा रहा है कि यह रिकॉर्डिंग पहले ही कई लोगों तक पहुंच चुकी थी, जिसे अब सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। कर्मचारियों और सीएमएचओ के बीच रकम बंटवारे की चर्चा का दावा वायरल ऑडियो में कर्मचारियों और सीएमएचओ डॉ. बीके वर्मा के बीच अलग-अलग ब्लॉकों से प्राप्त राशि, उसमें से बचाई गई रकम और हिस्सेदारी तय करने जैसी बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में प्रतिशत तय करने, खर्चों का जिक्र करने और वितरण की समयसीमा को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है। 1.20 लाख रुपए कमीशन मांगने की बात भी सामने आई क्लिप में कथित तौर पर यह भी कहा गया है कि किससे कितना कमीशन लिया जाना है। ऑडियो में लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए के कमीशन की बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इसके सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में कमीशनखोरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सीएमएचओ का दावा- ऑडियो से छेड़छाड़, आरोप गलत इस पूरे मामले पर सीएमएचओ डॉ. बीके वर्मा ने कहा कि वायरल ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई। डॉ. वर्मा के अनुसार, बैठक में केवल बजट से संबंधित चर्चा हो रही थी और स्वास्थ्य विभाग की छवि खराब करने के उद्देश्य से ऑडियो को गलत तरीके से वायरल किया गया है। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह असत्य बताया।


