बालाघाट में युवाओं ने संगीत की धुन पर नए साल का जश्न मनाया। इस दौरान शहर में कहीं भक्ति संगीत की गूंज सुनाई दी तो कहीं फिल्मी गानों पर जश्न मनाया गया। नववर्ष के आगमन पर सड़कों पर पुलिस की कड़ी निगरानी भी रही। बजरंग सेना ने नववर्ष पर तीन दिवसीय भगवान हनुमानजी का उत्सव शुरू किया है। इसके तहत 31 दिसंबर की रात नववर्ष के स्वागत में भजन संध्या का आयोजन किया गया। वहीं, भटेरा में युवाओं ने फिल्मी संगीत पर थिरकते हुए नए साल का जश्न मनाया। सड़कों पर पुलिस ने रखी निगरानी नववर्ष के स्वागत के दौरान बालाघाट की सड़कों पर पुलिस की पैनी नजर रही। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। यातायात थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि रात में शहर के विभिन्न चौराहों पर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर वाहनों की सघन जांच की गई। इस जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट पहने वाहन चालकों के 15 चालान बनाए गए। युवाओं ने उत्साह और उमंग के साथ पुराने साल को विदाई दी और नए साल का गर्मजोशी से स्वागत किया।


