कैलारस के किराना व्यापारी दिलीप गोयनर की सुभाष किराना स्टोर में वर्ष 2025 के दौरान तीन बार चोरी हो चुकी है। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात चोरों ने दुकान का शटर जैक लगाकर तोड़ा और करीब एक लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। इससे पहले 6 सितंबर 2025 को भी इसी दुकान में चोरी हुई थी, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि सिर्फ मौके पर पहुंचना ही पुलिस की कार्रवाई बनकर रह गई है। व्यापारियों में आक्रोश, थाने का किया घेराव लगातार चोरी की घटनाओं से नाराज व्यापारियों ने गुरुवार को कैलारस थाने का घेराव किया। व्यापारियों ने पुलिस पर रात्रि गश्त न करने और चोरों को पकड़ने में नाकाम रहने के आरोप लगाए। काफी देर तक चली चर्चा के बाद पुलिस अधिकारियों ने जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद व्यापारी शांत हुए। व्यापारी बोला- अब पलायन करने को मजबूर पीड़ित व्यापारी दिलीप गोयनर ने कहा कि उनकी दुकान में बार-बार चोरी हो रही है, लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ने में असफल रही है। रात में गश्त नहीं होती, जिससे चोर आसानी से वारदात कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह की चोरियों के कारण पहले भी एक व्यापारी कैलारस छोड़ चुका है और अब वह खुद भी पलायन करने पर मजबूर हो रहे हैं। इस मामले में कैलारस थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह ने बताया कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम बनाई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। व्यापारियों को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाई जाएगी।


