दौसा में नए साल के पहले दिन मावठ:फसलों के लिए फायदेमंद; तेज सर्द हवा ने ठिठुराया, तापमान में गिरावट का दौर जारी

नए साल के पहले दिन गुरूवार सुबह जिले के कई इलाकों में मावठ का दौर शुरू हुआ। यहां सुबह करीब 6 बजे दौसा जिला मुख्यालय समेत महवा, सिकराय, बांदीकुई और लालसोट क्षेत्र के गांवों में रिमझिम बारिश हुई। काफी देर तक रूक-रूक कर हुई बारिश से एकाएक ठंड का असर बढ़ गया है। साथ में सर्द हवाओं ने लोगों को दुबकने को मजबूर कर दिया। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही, इससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम देखी गई। तापमान में गिरावट जारी
मौसम विभाग ने भी जिले में एक जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया था। ऐसे में आसमान में बादल छाए होने के साथ बारिश और सर्द हवा के चलते न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में बीते 3 दिनों में जिले के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आगामी दिनों में भी न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साथ में कोहरा और कडाके की ठंड का असर बना रहेगा। मावठ फसलों के लिए फायदेमंद
वहीं सीजन की इस पहली मावठ से रबी फसलों को फायदा होगा। किसानों का कहना है कि गेहूं, सरसों, जौ और चना फसलों के लिए मावठ बेहद फायदेमंद साबित होगी। लेकिन तेज सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड का असर और बढ़ने से सरसों की अगेती फसल के लिए ठीक नहीं है। हालांकि साथ में कोहरा छाए रहना रबी फसलों की ग्रोथ में सहायक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *