शाजापुर में आज गुरुवार को नए साल के पहला दिन सुबह शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहरवासियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर नए साल की शुरुआत की। शहर के प्रसिद्ध मां राजराजेश्वरी मंदिर, बोलाई स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर, भैरव टेकरी, मुरादपुरा हनुमान मंदिर, बालवीर हनुमान मंदिर, डांसी हनुमान मंदिर और नित्यानंद आश्रम में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था और देवी-देवताओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया था।
मंदिरों में लोगो की लगी भीड़ श्रद्धालुओं ने हनुमान जी और अन्य देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, साल की शुरुआत भगवान के दर्शन और पूजन से करने पर पूरा साल सुख-समृद्धि और शांति से व्यतीत होता है, इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे। भगवान शिव को दूध, जल और बेलपत्र अर्पित कर लिया आशीर्वाद नववर्ष के अवसर पर शिवालयों में भी विशेष अभिषेक और पूजन का आयोजन किया गया। भक्तों ने भगवान शिव को दूध, जल और बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिरों में दान-पुण्य भी किया गया। मंदिरों के अलावा, शहर के पिकनिक स्थलों पर भी नववर्ष का उत्साह देखा गया। एबी रोड स्थित शहीद पार्क, टंकी चौराहा स्थित नेहरू बालोद्यान सहित अन्य पार्कों में लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक मनाकर नए साल का स्वागत किया।


