नववर्ष पर खिलचीपुर से निकली खाटू श्याम की निशान पदयात्रा:पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह श्रद्धालुओं संग निशान लेकर चले, नगरभर में पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में नववर्ष के पावन अवसर पर बाबा खाटू श्याम की निशान पदयात्रा लगातार दूसरे वर्ष निकाली गई। यह पदयात्रा लालदासजी मंदिर से शुरू होकर लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय करते हुए खुजनेर स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। लालदासजी मंदिर से हुआ शुभारंभ पदयात्रा की शुरुआत झालावाड़ चौराहे के समीप स्थित लालदासजी मंदिर से हुई। सुबह मंदिर परिसर में रथ पर विराजित बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। जनप्रतिनिधियों ने की आरती इस अवसर पर पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह और पूर्व विधायक रामप्रसाद दांगी ने बाबा की आरती कर पदयात्रा का शुभारंभ किया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने निशान ध्वज उठाकर पदयात्रा शुरू की। पूजा-अर्चना के पश्चात “बाबा श्याम के जयकारों” के बीच श्रद्धालु निशान ध्वज लेकर पैदल आगे बढ़े। शंखनाद और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा नगर भक्तिरस में डूबा नजर आया। डीजे की धुनों पर झूमते श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भक्तिमय भजनों पर नाचते-गाते चलते रहे। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में सहभागी बने। यह निशान पदयात्रा तोपखाना गेट, सुभाष चौक, सराफा बाजार और पटवा बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत नगरवासियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने पदयात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान और पेयजल की भी व्यवस्था की गई। पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह कुछ दूरी तक स्वयं निशान ध्वज लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते नजर आए। उनका यह रूप एक नेता से अधिक एक साधारण भक्त के रूप में दिखाई दिया, जिससे यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंडी रोड से खुजनेर की ओर प्रस्थान नगर भ्रमण के बाद पदयात्रा मंडी रोड होते हुए खुजनेर की ओर रवाना हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव बना रहा। करीब 40 किलोमीटर की यह पदयात्रा देर शाम खुजनेर स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु बाबा के दरबार में मत्था टेकेंगे। श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *