हरियाणा के 8 जिलों में ठंड का ट्रिपल अटैक:2 दिन बारिश का अलर्ट, हिसार सबसे ठंडा शहर, घनी धुंध से विजिबिलिटी कम रहेगी

हरियाणा में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे सुबह और रात में घनी धुंध छा रही है। मौसम विभाग ने 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक शामिल हैं। यहां धुंध, शीतलहर और कड़ाके की ठंड का प्रकोप रहेगा। बाकी जिलों के लिए यलो अलर्ट है। अगले 2 दिन बादल छाए रहेंगे और सुबह के वक्त घनी धुंध भी रहेगी। इसके बाद 21 व 22 जनवरी को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। प्रदेश के अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां बालसमंद में दिन का तापमान 10.1 डिग्री और रात का पारा 5.6 डिग्री तक गिर गया। वहीं रोहतक में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई, जहां दिन का तापमान सामान्य से साढ़े 7 डिग्री कम 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 19 जनवरी तक बदलता रहेगा
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आगामी 2 दिन अभी पूरे प्रदेश में धुंध छाएगी। मौसम आमतौर पर खुश्क और उत्तरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं 10-15 किमी/घंटा की गति से चलने से रात्रि तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। आज से एक बार फिर ठंड की लहर का नया दौर शुरू होगा। इसके अलावा वातावरण में नमी होने से संपूर्ण इलाके में धुंध छाई रहेगी, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 22 और 23 को फिर बारिश का अनुमान
एक नया पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके में मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे 22-23 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी फसलों को ढक कर रखें। महिला समेत 3 लोगों की मौत
17 जनवरी को यमुनानगर में धुंध के कारण ओवरस्पीड ट्रक ने 2 बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 2 लोगों के सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गए थे। हादसा कस्बा साढ़ौरा के असगरपुर के पास हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल नजदीकी अंबाला व नारायणगढ़ के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *