नेरचौक मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों को मिलेगी नई सुविधा:कमरे- डॉरमेट्री में ठहर सकेंगे मरीज के परिजन, प्रति बिस्तर 200 रुपए का शुल्क लगेगा

हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले में श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में मरीजों के तीमारदारों के लिए रात्रि ठहराव की सुविधा शुरू हो गई है। नववर्ष के अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीके वर्मा ने कमरों और डॉरमेट्री का विधिवत शुभारंभ किया। इस नई सुविधा के तहत, कॉलेज परिसर में 8 कमरे और एक डॉरमेट्री में 32 बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं। कमरों का किराया 500 और 700 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि डॉरमेट्री में प्रति बिस्तर 200 रुपए का शुल्क लगेगा। रात में ठहरने के लिए भटकते थे तीमारदार प्राचार्य डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए यहां आते हैं। भर्ती मरीजों के तीमारदारों को अक्सर रात बिताने के लिए अस्पताल के गलियारों में या बाहर किराए के कमरों में भटकना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है, जिससे तीमारदारों को कॉलेज परिसर में ही सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव मिल सकेगा। यह पहल अस्पताल आने वाले लोगों को राहत प्रदान करेगी और मरीजों की देखभाल भी सुचारू रूप से हो पाएगी। तीमारदारों के लिए जारी किया गया मोबाइल नंबर कॉलेज प्रबंधन ने इस सुविधा की जानकारी देने के लिए परिसर के विभिन्न स्थानों पर बोर्ड लगाए हैं। तीमारदार इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए 80918-60963 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अस्पताल आए तीमारदारों ने इस पहल को सराहा है। पप्पू शर्मा नामक एक तीमारदार ने कहा कि यह एक प्रशंसनीय कदम है, जिससे पहले रहने की कोई सुविधा नहीं थी, लेकिन अब बहुत से लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *