नए साल की पहली सुबह निवाड़ी जिले की रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर की ओर उमड़ पड़ा। जय श्रीराम के उद्घोष के बीच रामराजा सरकार के दरबार में श्रद्धालुओं ने नए वर्ष की शुरुआत की। पांच लाख श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान नए साल पर जहां लोग जश्न मना रहे थे, वहीं ओरछा में आस्था का महासंगम देखने को मिला। रामराजा सरकार के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही थी। प्रशासन के मुताबिक दोपहर 1 बजे तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि पूरे दिन में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने भी रामराजा सरकार के दरबार में मत्था टेका। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पूरी मुस्तैदी बरती। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया था। मंदिर परिसर में एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात की गई थी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पुलिस बल रहा मुस्तैद पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी और मंदिर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात था। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। मंदिर के अंदर और बाहर बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिसमें भारी वाहनों के लिए अलग मार्ग और स्थान निर्धारित किए गए थे। बाहर से आने वाले अधिकांश वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया था। केवल उन्हीं वाहनों को अंदर आने की अनुमति थी, जिनके होटल में रुकने और पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध थी। श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद सीधे बाहर निकाला जा रहा था और किसी को भी मंदिर परिसर में रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।


