लुधियाना में पुलिस हिरासत से लूट का आरोपी फरार:खन्ना में पेट्रोल पंप पर रुकी गाड़ी, पेशाब करने गए दो पुलिसकर्मी, CCTV में कैद

लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस की हिरासत से लूटपाट का एक आरोपी खन्ना में पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा किया] लेकिन पुलिस कर्मी दौड़ते हुए जमीन पर गिर गया। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। आरोपी की पहचान खन्ना के माजरी मोहल्ला खालसा स्कूल रोड निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है। संतोष कुमार के खिलाफ लुधियाना के थाना जमालपुर में लूटपाट का मामला दर्ज है। इसी मामले में लुधियाना पुलिस की टीम आरोपी को बरामदगी के लिए खन्ना लेकर आई थी। इस कार्रवाई का नेतृत्व लुधियाना पुलिस के एएसआई पलविंदर पाल सिंह कर रहे थे। पुलिसकर्मी बाथरूम में गए, आरोपी गाड़ी से भाग गया पुलिस टीम बरामदगी के बाद आरोपी को वापस लुधियाना ले जा रही थी। रास्ते में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी पेशाब करने के लिए रोकी गई। दो पुलिसकर्मी पेशाब करने चले गए, जबकि एक पुलिसकर्मी ड्राइवर सीट पर बैठा रहा। इसी दौरान पीछे की सीट पर बैठा आरोपी संतोष कुमार खिड़की खोलकर फरार हो गया। पुलिस कर्मी पीछे से भागा, मुंह के बल गिरा ड्राइविंग सीट पर बैठे पुलिस कर्मी को जब पता लगा कि आरोपी भाग गया है तो वो भी बाहर आकर उसके पीछे दौड़ने लगा। पुलिस कर्मी जब उसके पीछे दौड़ रहा था तो कुछ दूरी पर जाकर वो खुद ही मुंह के बल नीचे गिर गया। जब तक दो अन्य पुलिस कर्मी वहां पहुंचते तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ खन्ना में मामला दर्ज घटना की सूचना तत्काल खन्ना पुलिस को दी गई। खन्ना सिटी थाना 2 की पुलिस ने लुधियाना पुलिस के एएसआई पलविंदर पाल सिंह की शिकायत पर आरोपी संतोष कुमार के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का एक और मामला दर्ज किया है। लुधियाना और खन्ना पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *