नए साल के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने कन्या पूजन किया और नर्मदा परिक्रमा वासियों से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव और बहू डॉ. इशिता यादव की नर्मदा परिक्रमा यात्रा का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। समापन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के पुत्र एवं पुत्रवधु ने ओंकारेश्वर के ब्राह्मपुरी घाट पर मां नर्मदा का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बाबा ओंकार के दर्शन कर ओंकार पर्वत की परिक्रमा की और मोरटक्का स्थित राजराजेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने कन्यापूजन किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु और परिक्रमा वासियों में विशेष उत्साह देखा गया। समापन अवसर पर धार्मिक वातावरण और श्रद्धा का भाव बना रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच ओंकारेश्वर स्थित राजराजेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने कन्या पूजन किया। मुख्यमंत्री ने नर्मदा परिक्रमा वासियों को संबोधित करते हुए नर्मदा परिक्रमा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद गुजरात के राजकोट के लिए निकल गए। सीएम ने कहा कि, राजकोट में एक निजी कार्यक्रम हैं, जिसके लिए उन्हें कार्यक्रम छोड़कर जाना पड़ रहा हैं।


