विदिशा जिले के पठारी क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की सक्रियता देखी गई है। भाल-बामौरा स्थित एक गोशाला में घुसकर तेंदुआ एक मवेशी को उठाकर ले गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। यह घटना बुधवार देर रात ग्राम पंचायत भाल-बामौरा की गोशाला में हुई। तेंदुआ गोशाला में दाखिल हुआ और वहां बंधे एक बीमार मवेशी को उठाकर ले गया। यह पूरी घटना गोशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले लगभग चार महीनों से इस क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही बनी हुई है। इस दौरान तेंदुआ कई मवेशियों और अन्य जानवरों का शिकार कर चुका है। खेतों में काम कर रहे किसानों से भी कई बार उसका सामना हुआ है, जिससे गांवों में दहशत का माहौल है और लोग रात के समय घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी है। उन्होंने तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी जनहानि की आशंका है। तेंदुए की सक्रियता की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग द्वारा जंगल से सटे गांवों में मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। उन्हें रात के समय जंगल की ओर न जाने और अपने मवेशियों को घर के भीतर ही बांधने को कहा गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई मांसाहारी प्राणी मवेशी का शिकार कर रहा हो, तो वे अपनी जान जोखिम में न डालें। विभाग ने यह भी बताया है कि ऐसे मामलों में वन विभाग की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।


