सीधी जिले की ग्राम पंचायत सरेठी के बैगा आदिवासी बहुल ग्राम खंधो में गुरुवार को सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के नेतृत्व में व्यापक स्वास्थ्य और जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 250 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 30 राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निपटारा किया गया। बीपी-शुगर समेत अन्य जांच हुई शिविर में ग्रामीणों की बीपी, शुगर और अन्य रक्त संबंधी जांचें की गईं। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया। इसके अलावा हितग्राहियों को कंबल वितरित किए गए और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संबल योजना के तहत 14 पात्र लोगों के कार्ड भी बनाए गए। राजस्व प्रकरणों का किया निपटारा शिविर में एसडीएम और तहसीलदार भी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में करीब 30 लंबित राजस्व प्रकरणों का समाधान तुरंत किया गया। बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी और वन विभाग के कर्मचारियों ने भी मौके पर ही अपने-अपने विभागों से जुड़े मामले निपटाए। ग्रामीणों से किया संवाद सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बैगा आदिवासी परिवारों के साथ बैठकर नाश्ता किया और बातचीत कर समस्या जानी। ग्राम खंधो में कुल 250 लोग निवास करते हैं, जिनमें लगभग 68 बैगा आदिवासी परिवार शामिल हैं। सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू सांसद प्रतिनिधि श्याम सुंदर बैगा ने बताया कि सांसद के लगातार प्रयासों से खंधो गांव में लगभग 100 वर्षों बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सांसद ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर वन विभाग से एनओसी भी प्राप्त कर ली है। प्रथम चरण में सड़क को समतल किया गया है और उम्मीद है कि लगभग एक वर्ष में यह पक्की सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा मैंने संकल्प लिया था कि जब तक खंधो गांव तक सड़क नहीं पहुंचेगी, तब तक प्रयास जारी रहेंगे। जल्द ही ग्रामीणों को काली सड़क की सौगात मिलने वाली है।


