रायसेन के रामलीला मेले में नए साल गुरुवार को अंगद-रावण संवाद की लीला का मंचन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिन्होंने रामलीला के साथ झूलों और खरीदारी का भी आनंद लिया। मंचन के दौरान, भगवान राम ने सभी वानर वीरों से लंका पहुंचने के बाद की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। जामवंत ने सुझाव दिया कि वीर अंगद को शांति दूत बनाकर रावण की सभा में भेजा जाए। इसका उद्देश्य रावण को समझाना और यदि वह न माने तो शत्रु के बल और भेद का पता लगाना था, जिससे रावण पर विजय प्राप्त करना आसान हो सके। भगवान राम के निर्देश पर अंगद रावण की सभा में पहुंचे। उन्होंने रावण को राजनीति, धर्मनीति, लोकमत और दंड भेद आदि विभिन्न तरीकों से समझाने का प्रयास किया। जब रावण नहीं माना, तो अंगद ने शत्रु के बल का आकलन करने के लिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए सभा में अपना पैर जमा दिया। अंगद ने रावण को चुनौती दी कि यदि उसकी सेना में कोई वीर उनके पैर को हिला सके, तो भगवान राम लंका से लौट जाएंगे। अन्यथा, रावण के कुल में कोई जीवित नहीं बचेगा। वीर रस से भरे इस अंगद-रावण संवाद का दर्शकों ने खूब आनंद लिया और कलाकारों के प्रभावशाली प्रदर्शन की सराहना की। आयोजकों ने बताया कि शुक्रवार को लक्ष्मण शक्ति की लीला का मंचन किया जाएगा।


