अनूपपुर में नागरिकों ने आतिशबाजी और खुशियां मनाकर नए साल का स्वागत किया। गुरुवार को नववर्ष की शुरुआत धार्मिक आस्थाओं के साथ की गई। इस मौके पर नर्मदा, सोन, तिपान, जोहिला और केवई समेत अन्य नदी घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर सूर्य को अर्घ्य दिया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। अमरकंटक में भी मां नर्मदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान किया। उन्होंने मां नर्मदा के मंदिर में पूजन-अर्चन कर परिजनों की सुख-समृद्धि की कामना की। मां नर्मदा के दर्शन के लिए लोगों की कतार लगी रही। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ इसके अलावा, शिव मंदिर, कार्तिकेय मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, गुरु गोरखनाथ मंदिर, श्री सूर्यनारायण मंदिर, वंगेश्वर महादेव मंदिर, दुर्गा मंदिर, शिव परिवार सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, श्री राधा कृष्ण मंदिर, घंटेश्वर महादेव मंदिर, छंदेश्वर महादेव मंदिर और ग्यारह रुद्र मंदिर में भी श्रद्धालु उमड़े। बाहर से आए सैलानियों ने अमरकंटक की विहंगम वादियों में स्थित सोनमुड़ा, माई की बगिया, श्रीयंत्र मंदिर, मैकल पार्क, जैन मंदिर और दूध धारा का भ्रमण किया। अमरकंटक मध्य प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का सीमावर्ती क्षेत्र है, जिसके कारण यहां दोनों प्रदेशों के श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ अधिक उमड़ती है।


