भास्कर न्यूज | बालोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर, गुंडरदेही, अर्जुंदा, देवरीबंगला, डौंडी, डौंडीलोहारा में पदस्थ एक-एक कुल 6 स्टाफ नर्स को कार्यमुक्त कर मातृ शिशु केंद्र के एसएनसीयू में ड्यूटी करने सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने जिले के सभी 5 बीएमओ को आदेश जारी किया है। जारी आदेश में सीएमएचओ ने उल्लेख किया है कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ 1-1 एनबीएसयू स्टॉफ नर्स की ड्यूटी जिला चिकित्सालय (एसएनसीयू) में लगाया जाए। एसएनसीयू में मानव संसाधन की कमी एवं नवजात, परिजन के हितों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्टॉफ नर्स-एनबीएसयू की ड्यूटी एक से 31 जनवरी तक लगाएं। ड्यूटी लगाए जाने के लिए संबंधित नर्स को कार्यमुक्त कर जिला कार्यालय को सूचना दें। आदेश की प्रतिलिपि स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक, कलेक्टर, जिला अस्पताल सिविल सर्जन सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला व ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन ईकाई सहित अन्य संबंधितों को भेजी गई है। गौरतलब है कि स्टाफ की कमी से किस तरह परेशानी आ रही है, इस संबंध में दैनिक भास्कर ने 28 दिसंबर को खबर प्रकाशित किया था। जिसके बाद जिम्मेदार अफसर हरकत में आए।


