बालोद| समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत जिले में धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीम ने गुरूर विकासखंड स्थित केजीएन राइस मिल चिरचारी को सील करने की कार्रवाई की। एसडीएम गुरूर रामकुमार सोनकर के नेतृत्व में की गई जांच में पाया गया कि केजीएन राइस मिल का खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए कस्टम मीलिंग का ऑनलाइन पंजीयन नहीं किया गया है, जो कि छत्तीसगढ़ कस्टम मीलिंग का स्पष्ट उल्लंघन है। एसडीएम सोनकर ने बताया कि राइस मिल ने विपणन वर्ष 2024-25 में एफसीआई उसना के साथ 96,000 क्विंटल धान के कस्टम मीलिंग का अनुबंध किया था, जिसके विरुद्ध 56,658.56 क्विंटल धान का उठाव किया गया। इसके सापेक्ष जमा किए जाने योग्य 38,913.099 क्विंटल चावल में से अब तक 28,121.98 क्विंटल (70.26 प्रतिशत) चावल ही एफसीआई में जमा किया गया है।


