खरगोन| इंदौर संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित वनडे अंडर-18 लेदर बॉल अंतर जिला क्रिकेट स्पर्धा का पहला सेमीफाइनल डीसीए खरगोन और डीसीए झाबुआ के बीच खेला जा रहा है। दो दिवसीय इस मुकाबले के पहले दिन गुरुवार को खरगोन टीम ने मजबूत स्थिति बना ली। टॉस जीतकर डीसीए खरगोन ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 80 ओवर में 7 विकेट खोकर 414 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राहुल यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 216 गेंदों पर 235 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। रुद्र सोलंकी ने 47 रन का योगदान दिया। डीसीए झाबुआ की ओर से चमन सोनी ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए झाबुआ की टीम पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 20 रन बना सकी। डीसीए खरगोन की ओर से एकमात्र विकेट रुद्र सोलंकी ने लिया। डीसीए सचिव मन्नू गोस्वामी ने बताया कि सेमीफाइनल मैच के दूसरा दिन का खेल सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा। मैच में अंपायर की भूमिका योगेश घारपुरे और सुधांशु वर्मा निभा रहे हैं, जबकि स्कोरर भावेश केलोनिया और ऑब्जर्वर विजय लांभाते हैं।


