भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिले के सिठियो स्थित कोयल नदी तट पर मुखिया संघ की ओर से पिकनिक सह विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी सौहार्द बढ़ाने के साथ-साथ पंचायत व्यवस्था, ग्रामीण विकास और मुखिया संघ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना रहा। कार्यक्रम में मुखिया संघ के अध्यक्ष बासुदेव उरांव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से सभी मुखियाओं को आपस में संवाद का अवसर मिलता है, जिससे पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में मुखियाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और संगठित होकर काम करने से विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। संघ के संरक्षक दिलीप कुमार उरांव ने पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकार, दायित्व और आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मुखियाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाने की जरूरत है। सचिव परमेश्वर महली ने संघ के क्रियाकलापों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुखिया संघ लगातार पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, प्रशिक्षण और अधिकारों को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में अनिल उरांव, सुमित उरांव, धनेश्वरी उरांव, बसंत उरांव, सुनील उरांव, ममता कुमारी, राजकिशन उरांव, बिशुनपुर मुखिया रामप्रसाद बड़ाईक सहित जिले के कई मुखिया उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में सभी मुखियाओं ने ग्रामीण विकास, आपसी एकता और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया। सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित यह पिकनिक सह बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


