लुधियाना | खेतीबाड़ी विभाग की टीम ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के गेट नंबर-1 के सामने स्थित मैसर्स बराड़ सीड स्टोर पर छापेमारी कर प्रतिबंधित कीटनाशक अमोनियम सॉल्ट ऑफ ग्लाइफोसेट 71% एसजी की भारी मात्रा बरामद की है। विभाग ने कुल 17 किलो 900 ग्राम प्रतिबंधित कीटनाशक जब्त किया, जिस पर पूर्ण प्रतिबंध है। मामले में पुलिस ने स्टोर संचालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेतीबाड़ी विकास अधिकारी (एडीओ) एवं कीटनाशक निरीक्षक करमजीत सिंह ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान दुकान से जेएएस-71 ब्रांड का ग्लाइफोसेट अलग-अलग बैच नंबर में 100-100 ग्राम की पैकिंग में छिपाकर रखा मिला। बरामद स्टॉक में बैच नंबर जेएस-246 (जुलाई 2024 निर्मित) 17 किलो 300 ग्राम और बैच नंबर जेएसपी-1024 (जून 2024 निर्मित) 600 ग्राम शामिल है। अधिकारी के अनुसार, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव देखकर सरकार ने इस रसायन के भंडारण, बिक्री और प्रयोग पर रोक लगाई है। इसके बावजूद दुकान में स्टॉक मिलना कानून का उल्लंघन है। पुलिस ने नवरूप सिंह बराड़ निवासी राजगुरु नगर पर इन्सेक्टीसाइड्स एक्ट की धारा 13, 18, 29 और धारा 223, 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मई 2020 में भी नकली-महंगे दामों पर बीज बेचने के आरोप में छापा पड़ चुका है, तब भी केस हुआ था।


