उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वायुमंडल में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसका प्रभाव उत्तर भारत के बड़े हिस्से पर देखा जा रहा है। यही सिस्टम अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड के मौसम को भी प्रभावित कर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पछुआ हवा कमजोर पड़ गई है। इससे अत्यधिक ठंड का असर कुछ कम होगा। साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रांची सहित पूरे राज्य में दिख रहा है। इस वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। ठंड में भी कमी आई है। राज्य में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। हवा में नमी बढ़ने के कारण सुबह के समय कोहरा और धुंध की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान हिमालय के क्षेत्र में बर्फबारी होने से जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड का पांच साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट सकता है। वर्ष 2020 में 25 जनवरी को रांची का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 से पिछले साल तक जनवरी माह का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे नहीं गया है। लेकिन इस बार यह रिकॉर्ट टूट सकता है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। जनवरी के पहले सप्ताह की बात करें तो न्यूनतम तापमान औसतन 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लेकिन दूसरे सप्ताह में औसत तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। छह सालों में पांच डिग्री से नीचे नहीं गया रांची का पारा, बारिश भी हुई रांची में जनवरी में ठंड का असर रहता है। लेकिन पिछले छह वर्षों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। रांची के कांके या अन्य ग्रामीण क्षेत्र का न्यूनतम तापमान कम हो जाता है, लेकिन शहर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2020 में 25 जनवरी को 5.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वर्ष 2021 में 16 जनवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वर्ष 2025 में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2 जनवरी को 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आगे क्या : 4 जनवरी से फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड से होगा सामना रांची में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। लेकिन 4 जनवरी से फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ेगी। न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की कमी आएगी। शीतलहर चल सकती है। 3 जनवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, 4 जनवरी को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, 5 जनवरी को अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान रांची में 26.1 डिग्री व न्यूनतम 7.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है।


