पहाड़ी मंदिर में 75 हजार भक्तों ने किया जलार्पण

नववर्ष के पहले दिन शहर में भक्ति का माहौल रहा। मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। पहाड़ी मंदिर में सुबह 4 बजे से बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे, जो देर शाम तक जारी रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। जगन्नाथपुर मंदिर, चुटिया स्थित श्री सुरेश्वर धाम, बगलामुखी मंदिर, तपोवन मंदिर, मेनरोड काली मंदिर, हनुमान मंदिर, रातू रोड दुर्गा मंदिर, मणिटोला काली मंदिर, कृष्णानगर कॉलोनी के श्री राधा कृष्ण मंदिर, बोड़ेया के मदन मोहन मंदिर, पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर, दुर्गा बाड़ी समेत सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ दिखी। प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शाम में पहाड़ी बाबा का भव्य शृंगार कर महाआरती की गई। जगह-जगह प्रसाद और भंडारा का वितरण किया गया। तपोवन मंदिर में भजनों की प्रस्तुति की गई। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में खाटूनरेश ने भक्तों को श्यामल रूप में दर्शन दिए। 50 हजार भक्त पहुंचे। पहाड़ी मंदिर में करीब 75 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। कर किरपा तेरे गुण गांवा, नानक नाम जपत सुख पांवा… गुरुनानक सत्संग सभा ने गुरुवार को कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा में सुबह का विशेष दीवान सजाया। साहिब पटना से आए सिख पंथ के प्रख्यात रागी भाई हरजीत सिंह ने “आगे सुख मेरे मीता, पाछे आनंद प्रभ कीता…शबद गायन कर संगत को निहाल कर नए साल की बधाई दी। श्री अनंद साहिब के पाठ और गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह द्वारा अरदास और हुक्मनामा पढ़ने के साथ दीवान की समाप्ति हुई। श्री गुरु सिंह सभा रांची के हजूरी रागी भाई मनप्रीत सिंह, स्टेशन रोड गुरुद्वारा के हजूरी रागी भाई अविनाश सिंह, कडरू गुरुद्वारा के हेडग्रंथी दलजीत सिंह ने कर किरपा तेरे गुण गांवा, नानक नाम जपत सुख पांवा… शबद गायन कर संगत का मन मोह लिया नया वर्ष आशा लेकर आए, परिवार व समाज को बेहतर बनाएं : आर्चबिशप रांची | नए साल के पहले दिन शहर के सभी चर्चों में विशेष मिस्सा हुई। कैथोलिक कलीसिया ने इस दिन ईश माता का पर्व भी मनाया। इसके अलावा संत पॉल्स कैथेड्रल, जीईएल चर्च, हॉली एंजल्स चर्च में हुई मिस्सा में हजारों की संख्या में विश्वासी शामिल हुए। नए साल के लिए ईश्वर से आशीष मांगी। इस अवसर पर प्रज्ञा के सिंहासन की माता गिरजा (माइनर बसिलिका), राजा उलिहातु में रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने नववर्ष के अवसर पर मिस्सा बलिदान अर्पित किया। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि बहुत सारे लोग इस नव वर्ष में प्रवेश करना चाहते थे, लेकिन वे आज इस दुनिया में नहीं है। हमें ऐसा सुअवसर प्राप्त हुआ है कि हम इस नए वर्ष को देख पाएं हैं, इसलिए ईश्वर को धन्यवाद दें। यह नया वर्ष हमारे लिए नई आशा लेकर आया है। इसलिए इस वर्ष हम विश्वास में मजबूत बने, अपनी असफलताओं से सीखते हुए अधिक परिश्रम कर अपने जीवन, परिवार एवं समाज को बेहतर बनाने में प्रयासरत रहें। इस अवसर पर उलिहातु अस्पताल के वृद्धाश्रम के बुजुर्ग धर्म-बहनों को भी फूल गुच्छ देकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। मौके पर उलिहातु के पल्ली पुरोहित फा. अल्बर्ट लकड़ा, फा. सुनील टोप्पो, फा. प्रदीप तिर्की, फा. अमृत, फा. असीम मिंज समेत सैकड़ों मसीही थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *