तीन दिन में नशे की हालत में पकड़े गए 19 वाहन सवार, रांची पुलिस ने गाड़ी जब्त कर सबको पैदल किया रवाना

नए साल के जश्न में 39 वाहन सवारों का पिछले 72 घंटे में राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर एक्सिडेंट हुआ है। इनमें 13 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर व रिम्स के अलावा 5 अन्य निजी अस्पतालों में भेजा गया है। हालांकि सभी की स्थिति सामान्य है। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले साल की तुलना में इस बार सड़क दुर्घटना में कमी आई है। पुलिस की सख्ती के बाद भी 30 दिसंबर 2024 से लेकर 1 जनवरी 2025 तक 62 जगहों पर वाहन सवार का एक्सिडेंट हुआ था। इनमें 2 लोगों की मौत हुई थी। वहीं इस साल अबतक हुए एक्सिडेंट में वाहन सवारों को सामान्य चोटें आई हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एक्सिडेंट की घटनाओं को रोकने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर अगले 3 दिनों तक जवानों की ड्यूटी रात 2 बजे तक लगा दी है। इधर, चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिछले 3 दिनों में 19 वाहन सवार को नशे की हालत में पकड़ा है। शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने के बाद इनका मेडिकल जांच कराया गया और फिर पैदल ही घर भेजा गया। गाड़ी जप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नशे में धुत वाहन सवार पकड़े जाने के बाद लगातार पुलिस के समक्ष छोड़ देने की मिन्नत करता रहा लेकिन एक नहीं सुनी गई। पुलिस ने अगली बार से गलती नहीं करने की हिदायत देकर पैदल ही घर भेज दिया। जब्त वाहनों को अब कोर्ट से कागजी प्रक्रिया पूरी कर छुड़ाना होगा। पुलिस ने पहले ही 40 जगहों को चिह्नित कर रखा था, जहां चेकिंग लगाने का प्लान तैयार किया गया था। इसमें 10 वैसी जगहों को चिह्नित किया गया था, जहां से अक्सर नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए वाहन सवारों के गुजरने की शिकायत मिल रही थी। पुलिस द्वारा तैयार किया गया यह मैकेनिज्म एक हद तक कारगर भी साबित हुआ। चेकिंग होते देख वाहन सवार ना तो तेज रफ्तार वाहन चलाते नजर आए और ना ही शराब पीकर वहां से पार होने की हिम्मत जुटाई। नशे की हालत में अक्सर वाहन सवार तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं। ऐसे में यह सड़क पर आने-जाने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा हो जाता है। नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले अपना संतुलन खो देते हैं जिसके बाद संभलने का चांस बहुत ही कम होता है। यही वजह है कि लगातार ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त हुई है। वाहन सवार को हर हाल में ट्रैफिक नियम का पालन करना होगा। तेज रफ्तार गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। नशे की हालत में पकड़ाए तो गाड़ी जब्त कर ली जाएगी। वाहन सवार को पैदल ही घर जाना होगा। नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाएं। ऐसा करते हुए पहली बार पकड़े जाने के बाद 10 हजार का जुर्माना या 6 महीने तक का जेल या दोनों सजा दिया जा सकता है। दूसरी बार ऐसी गलती करते हुए पकड़े गए तो 15 हजार जुर्माना और 2 साल तक का जेल हो सकता है। वहीं लगातार नियम का उल्लंघन करने पर गाड़ी जप्त करते हुए लाईसेंस भी रद्द किया जा सकता है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से शराब पीकर गाड़ी न चलाएं। नशा करने से पहले अपने साथ एक ड्राइवर जरूर रखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *