5 लाख के गहनों से भरा बैग ऑटो में छूटा:भोपाल से लौटकर घर जा रहा था परिवार, पुलिस ने तलाशा, ड्राइवर ने दिखाई ईमानदारी

सागर में एक ऑटो चालक की ईमानदारी और पुलिस की तत्परता ने एक परिवार की खुशियां लौटा दीं। बस स्टैंड से घर जाते समय एक परिवार 5 लाख रुपए के जेवर और नकदी से भरा बैग ऑटो में भूल गया। परेशान होकर महिलाएं रोते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और ऑटो की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की। फोटो देखते ही ऑटो चालक खुद बैग लेकर थाने पहुंच गया। भोपाल से लौट रहा था परिवार, घर जाकर याद आया जानकारी के अनुसार, चितौरा बेरखेड़ी निवासी कैलाश रजक अपने परिवार के साथ भोपाल से लौट रहे थे। सागर बस स्टैंड पर उतरने के बाद उन्होंने घर जाने के लिए ऑटो लिया। घर पहुंचने पर उन्हें अहसास हुआ कि गहनों और कपड़ों वाला बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 5300 रुपए नकद रखे थे। कीमती सामान गायब होने से परिवार के होश उड़ गए और घर की महिलाएं रोते-बिलखते हुए मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं। CCTV से ट्रैक किया रूट, सोशल मीडिया ने किया काम एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई आरकेएस चौहान और टीम को बैग तलाशने का जिम्मा सौंपा। टीम ने बस स्टैंड से यूनिवर्सिटी रोड तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में वह ऑटो दिखाई दे गया। परिवार ने भी उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत ऑटो की फोटो शहर के सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल कर दी। फोटो देखते ही दौड़ा चला आया ड्राइवर यह फोटो ऑटो चालक मुकेश मिश्रा तक पहुंची। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी चेक की तो पीछे की सीट पर बैग रखा मिला। मुकेश बिना देरी किए बैग लेकर सीधे कंट्रोल रूम पहुंचे और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने परिवार के सामने बैग खोला तो उसमें सारे जेवर, नकदी और कपड़े सुरक्षित मिले। अपना सामान वापस पाकर परिवार के चेहरे खिल उठे। एएसपी सिन्हा ने ऑटो चालक मुकेश मिश्रा की ईमानदारी की तारीफ करते हुए उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *