नए साल पर शाजापुर में तीन सड़क हादसे:ट्रक की टक्कर से 2 की मौत; अलग-अलग हादसों में तीन घायल

शाजापुर जिले में नए साल की शुरुआत सड़क हादसों के साथ हुई। गुरुवार रात जिले के अलग-अलग स्थानों पर तीन सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पहली घटना आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे- 52 पर बिजाना जोड़ के पास गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई। उज्जैन जिले के कतवारिया निवासी दीपेंद्र (पिता विक्रम सिंह), कालूराम उर्फ विराट (पिता नगजीराम) और अभिषेक (पिता महेश) बाइक से बोलाई हनुमान मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। बिजाना जोड़ स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालूराम उर्फ विराट और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। नीलगाय को बचाने की कोशिश में भजन गायक घायल दूसरा हादसा गुरुवार रात 12 बजे करीब शाजापुर-रंथभंवर रोड पर हुआ। भजन गायक अरविंद वर्मा खाटू श्याम की भजन संध्या में प्रस्तुति देने के बाद बाइक से अपने घर मकोड़ी लौट रहे थे। रास्ते में अचानक रोजड़ा (नीलगाय) सामने आ जाने से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरकर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर में गंभीर चोट का इलाज चल रहा है। तीसरी घटना में उज्जैन जिले के गुराड़िया निवासी संजय (पिता शिवलाल) की मौत हो गई। संजय तराना स्थित ट्रैक्टर शोरूम में सेल्स मैनेजर थे और काम से घर लौट रहे थे। वे सड़क पर घायल अवस्था में मिले और उन्हें गुरुवार रात 1 बजे करीब शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखे गए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *