गिरिडीह पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और तीन पिकअप वैन को जब्त कर लिया है। बगोदर और सरिया थाना क्षेत्र से की गई इस कार्रवाई में 125 से अधिक मवेशियों को मुक्त कराया गया है। एसपी डॉ. विमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना थी कि तस्कर इन मवेशियों को बंगाल ले जाने की योजना बना रहे हैं। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। सरिया थाना पुलिस ने कोयरीडीह इलाके से ग्रामीणों के सहयोग से तीन पिकअप वैन को पकड़ा, जबकि बगोदर थाना पुलिस ने कुंबा मोड़ से एक ट्रक को जब्त किया। पुलिस ने एक तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।


