नगर निगम चुनावों के दौरान भले ही हर पार्टी ने 51% महिलाएं चुनावों में उतारी हैं, लेकिन वो टिकट उन महिला पार्षदों के लिए नहीं बल्कि उनके पतियों के पार्षद बनने के सपने को पूरा करने वाली हैं। शहर भर में लगे पोस्टर और बैनर में जहां भी महिला उम्मीदवार हैं उनमें उनके पति की फोटो भी साथ जरूर है। यही नहीं सोशल मीडिया पर भी लोग उनके पतियों को ही पार्षद बनने के उम्मीदवार घोषित होने पर बधाइयां दे रहे हैं। कई वॉर्ड के पुरुष उम्मीदवारों को नई वार्डबंदी के कारण महिला वॉर्ड से जनरल वॉर्ड में बदलने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा न होने पर उन्होंने अपनी पत्नियों को मैदान में उतार दिया। लेकिन चुनावी रैलियों, लोगों को इकट्ठा करने, सोशल मीडिया पर कैंपेनिंग, डोर-टू-डोर कैंपेनिंग भी उनके पति ही कर रहे हैं। महिला वॉर्ड होने के बाद न ही प्रथा बदली है और न ही इसे बदलने के लिए कोई प्रयास भी हो रहे हैं। कांग्रेस, बीजेपी, आप और शिरोमणि अकाली दल द्वारा 192 महिला उम्मीदवारों को टिकट दी है। प्रत्याशी की फोटो बड़ी, लेकिन पति साथ वॉर्ड नंबर 91 से ही शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर मैदान में उतरीं वंदना रानी की फोटो बैनर्स में बड़ी जरूर है लेकिन यहां भी उनके पति वरिंदर दीप सिंह की फोटो के बिना नहीं है। वहीं, हर कैंपेन और बयान भी उनके पति द्वारा ही दिए जा रहे हैं। समर्थन पर भी पति का नाम बोला जाता वॉर्ड 91 से मैदान में उतरीं आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी तजिंदर कौर राजा कैंपेन में उतर जरूर रही हैं। लेकिन हर पोस्टर और बैनर में उनके पति की फोटो साथ है। वहीं, कैंपेनिंग में लीड कैंपेनर उनके पति ही हैं। वहीं, पार्टी के नेताओं द्वारा दिए जा रहे समर्थन में भी उनके पति का ही नाम बोल रहा है। पति ही चुनावी कैंपेन चला रहे हैं वॉर्ड 9 से मैदान में उतरी बीजेपी की प्रत्याशी दीक्षा बत्रा के पति रवि बत्रा सोशल मीडिया कैंपेन से लेकर इलाके में चलाई जा रही रैलियों में आगे हैं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर बधाई भी उन्हें ही कौंसलर पद के लिए टिकट मिलने की दी जा रही है। लोगों को जोड़ने से लेकर बयान देने तक का काम पति रवि बत्रा ही कर रहे हैं। यूनीपोल पर पति के साथ ही फोटो वॉर्ड 69 से कांग्रेस की प्रत्याशी दीपिका भल्ला की कैंपेनिंग के विज्ञापन शहर भर में लगे हैं। इनमें हर फोटो में अपने पति के साथ ही उनकी फोटो नजर आ रही है। यही नहीं, इलाके के वोटर्स से मिलने से लेकर अन्य प्रचार के लिए भी पति ही आगे हैं। हालांकि कैंपेनिंग दीपिका द्वारा भी की जा रही है। लेकिन अधिकतर लोग नाम के तौर पर भी उनके पति को ही पहचानते हैं।


