छिंदवाड़ा में परासिया रोड स्थित ग्राम मोहदई में शुक्रवार को एक किसान की स्कूटी में कोबरा सांप घुस गया। खेत से लौटे किसान मुरली सूर्यवंशी ने स्कूटी के टायर के पास सांप देखा था, जो बाद में गाड़ी के अंदर छिप गया। सांप को निकालने के लिए सर्प मित्र हेमंत गोदरेज को बुलाया गया। मौके पर स्कूटी खोलने के लिए टूल नहीं मिले, तो सर्प मित्र ने जोखिम उठाया। वह सांप के अंदर रहते हुए ही स्कूटी को 3 किलोमीटर चलाकर गैरेज तक ले गए, जहां उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम मोहदई में किसान मुरली सूर्यवंशी खेत से काम करके लौटे थे। तभी उन्हें स्कूटी के टायर के पास कोबरा बैठा दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने सांप को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह स्कूटी के अंदर घुसकर छिप गया। काफी देर इंतजार और तलाश के बाद भी जब सांप नहीं निकला, तो सर्प मित्र को सूचना दी गई। मौके पर टूल नहीं मिले तो रिपेयरिंग शॉप ले गए
सूचना मिलते ही सर्प मित्र हेमंत गोदरेज करीब 20 मिनट में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्कूटी के पार्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन वहां जरूरी टूल उपलब्ध नहीं थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेमंत ने बड़ा फैसला लिया। उन्होंने खुद स्कूटी चलाई और उसे करीब 3 किलोमीटर दूर एक रिपेयरिंग/सर्विसिंग दुकान तक पहुंचाया। मकैनिक ने स्कूटी खोली, तब निकला कोबरा
दुकान संचालक के पास उपलब्ध टूल की मदद से स्कूटी को खोला गया। काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इसके बाद किसान और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सर्प मित्र बोले- गाड़ी चलाकर ले जानी पड़ी
सर्प मित्र हेमंत गोदरेज ने बताया, ‘किसान ने फोन पर सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर टूल न मिलने के कारण गाड़ी को चलाकर सर्विसिंग दुकान तक ले जाना पड़ा। वहां टूल की मदद से स्कूटी खोलकर कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला गया।’


