उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर उडवारिया टोल प्लाजा के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर बेकाबू होकर डिवाइडर पर पलट गया। हादसे में ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। घटना में केकड़ी, अजमेर निवासी प्रभु लाल गोपाल कुमार भीलवाड़ा से गांधीधाम जा रहा था। उडवारिया टोल प्लाजा के पास अचानक उसका वाहन से नियंत्रण खो गया और कंटेनर डिवाइडर पर पलट गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को केबिन से निकालकर LT की एम्बुलेंस से स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थाने के हेड कॉन्स्टेबल सोनाराम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार चालक नशे की हालत में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


