अशोकनगर के बाईपास रोड पर युगल सरकार मंदिर के सामने एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक मोतीलाल बाल्मिक की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी विद्या बाई ने दूसरे दिन गुरुवार देर रात भोपाल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में उनकी 5 साल की बेटी बुलबुल भी घायल हुई है, जिसका इलाज जारी है। यह हादसा बुधवार शाम को हुआ, जब यादव कॉलोनी निवासी मोतीलाल बाल्मिक अपनी पत्नी विद्या बाई और बेटी बुलबुल के साथ बाजार से स्कूटी पर लौट रहे थे। युगल सरकार मंदिर के सामने रोड क्रॉस करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। नगर पालिका में सफाई कर्मचारी थे मोतीलाल
हादसे में गंभीर रूप से घायल मोतीलाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी पत्नी विद्या बाई को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया था, जहां गुरुवार देर रात उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिवार में अब केवल घायल बेटी बुलबुल बची है। मोतीलाल बाल्मिक नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वह एक व्यस्त क्रॉसिंग है जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। सुरक्षा के लिहाज से यहां ब्रेकर नहीं बनाए गए हैं, जिसके कारण वाहन चालक तेज गति से निकलते हैं। पहले भी इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा ब्रेकर लगाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।


