सोनहत | सोनहत ब्लॉक के गुरु घासीदास टाईगर रिजर्व में स्थित बालमगढ़ी नेचर ट्रेल में इस वर्ष न्यू ईयर के मौके पर पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की संभावना है। लेकिन घाटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम अब तक नहीं किए गए हैं। वहां केवल एक-दो सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा बालम घाटी में पीने के पानी और जलपान की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। पर्यटकों को जरूरत पड़ने पर करीब 12 किमी दूर ब्लॉक मुख्यालय सोनहत जाना पड़ता है। बालमघाटी में प्रवेश शुल्क 100 से 200 रुपये प्रति वाहन लिया जाता है, जिससे पार्क की आमदनी अच्छी हो रही है। सरगुजा संभाग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन पार्क क्षेत्र में प्रवेश कर बालम घाटी पहुंचते हैं, लेकिन सुविधा के अभाव के कारण पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।


