श्रीगंगानगर में भारत-पाक बॉर्डर पर 20 करोड़ की हेरोइन मिली:ड्रोन के जरिए सीमा पार से मंगाई गई थी, तीन युवक गिरफ्तार; ड्रोन जब्त

भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रावला थाना पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत लाई गई 4 किलो 88 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 20 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से DJI कंपनी का ड्रोन भी जब्त किया है। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। रावला एसएचओ बलवंत कुमार ने बताया- 1 जनवरी को पुलिस टीम गश्त पर थी। रावला थाना क्षेत्र के 15 KND पुलिया के पास नहर किनारे तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखे। उनके पास एक प्लास्टिक का कट्टा था। पुलिस की गाड़ी देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जिसके बाद तलाशी में उनके पास से 4 किलो 88 ग्राम हेरोइन और एक ड्रोन बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगनदीप सिंह उर्फ लब्बू सिंह (26), निवासी चक 10 K, अनूपगढ़, नीटू सिंह उर्फ रवनीत सिंह (21), निवासी डबली राठान, हनुमानगढ़, सतपाल सिंह (27), निवासी चक 04 एसटीआर, घड़साना के रूप में हुई है। जगनदीप सिंह के पास 1019 ग्राम, नीटू सिंह के पास 2048 ग्राम व सतपाल सिंह के पास से 1021 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। वहीं, सतपाल के प्लास्टिक बैग में ड्रोन भी मिला, जिसका यूज पाकिस्तान से हेरोइन लाने में किया गया था। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। उनके खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सीमा पर ड्रोन से तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से औरबड़े खुलासे होने की संभावना जता रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *