बैतूल में युवा कांग्रेस ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला फूंका:इंदौर मौतों पर बयान और पत्रकारों से गलत भाषा को लेकर इस्तीफे की मांग

बैतूल में युवा कांग्रेस ने आज (शुक्रवार) मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। यह विरोध इंदौर में हुई मौतों पर उनकी कथित अशोभनीय टिप्पणी और पत्रकारों के प्रति इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर था। युवा कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री से विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय गंज में एकत्रित हुए और वहां से ऑटो चौक तक एक रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने “कैलाश विजयवर्गीय मुर्दाबाद” के नारे लगाए और मंत्री, भाजपा सरकार तथा संगठन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युका अध्यक्ष बोले- मंत्री को पद से हटाना चाहिए
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय सरदार यादव ने कहा, “भागीरथपुरा हादसे में 15 लोगों की मौत के बाद जब पत्रकारों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल किए, तो उन्होंने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। यह बेहद निंदनीय है। ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने वाले मंत्री को सरकार को तत्काल पद से हटाना चाहिए।” प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह इवने ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “हम मौतों पर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। जिनकी लापरवाही से यह हादसा हुआ, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और मंत्री विजयवर्गीय से इस्तीफा लिया जाना चाहिए।” पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने पानी डाला
पुतला दहन के समय पुलिस कर्मियों ने आग बुझाने के लिए पानी डाला, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपनी नारेबाजी जारी रखी। यह प्रदर्शन ऑटो चौक पर हुआ। इस मौके पर पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया, कार्यवाहक अध्यक्ष कांग्रेस प्रशांत राजपूत, कालू आहूजा, राजू चौबे, रितेश गंगारे, मनीष साहू, किसान कांग्रेस अध्यक्ष गब्बर गोचरे और शुभम दिवान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि दो दिन पहले इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कथित तौर पर अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था, जिसके बाद कांग्रेस सहित कई संगठनों ने इसका विरोध जताया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *