आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को धार पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में जनरल परेड और बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस बल की आपात स्थिति से निपटने की क्षमता का जायजा लिया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक धार मयंक अवस्थी ने परेड की सलामी ली और बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रक्षित निरीक्षक ने संभाली परेड की कमान जनरल परेड की कमान रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई ने संभाली, जबकि सूबेदार रविन्द्र कुश्वाह उप कमांडर के रूप में उपस्थित रहे। परेड के दौरान सभी प्लाटूनों की अनुशासन और सजगता का परीक्षण किया गया। एसपी ने किया प्लाटूनों का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने परेड की सलामी लेने के बाद सभी प्लाटूनों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात प्लाटून कमांडरों द्वारा क्रमवार स्क्वाड ड्रिल करवाई गई। इस जनरल परेड में धार और मनावर अनुभाग के कुल 180 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए, जिन्होंने अनुशासनबद्ध तरीके से परेड में भाग लिया। बलवा ड्रिल में कराया गया अभ्यास कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित बलवा ड्रिल की प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस धामनोद मोनिका सिंह रहीं। ड्रिल के दौरान दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न संभावित परिस्थितियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। पुलिस बल को पंक्तिबद्ध होकर आगे बढ़ने, ढाल और लाठी के सही उपयोग का अभ्यास कराया गया। साथ ही टियर गैस ग्रेनेड और टियर गैस गन से गोले दागने का प्रशिक्षण भी दिया गया। वज्र वाहन से भी किया गया अभ्यास ड्रिल के दौरान दंगा रोधी वाहन वज्र से टियर गैस चलाने और उग्र भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीतियों का भी अभ्यास कराया गया। आपात स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार संगठित और संयमित कार्रवाई करने का अभ्यास भी पुलिस बल को कराया गया। एसपी ने दिए जरूरी निर्देश पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की प्राथमिकता न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए हालात पर शीघ्र नियंत्रण स्थापित करना है, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सलामी के साथ अभ्यास का समापन अभ्यास के समापन पर क्वार्टर गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, उप पुलिस अधीक्षक आनंद तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी अपने बल के साथ उपस्थित रहे।


