भोपाल में 3 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय चरागाह एवं पशुपालक वर्ष 2026 का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर पास्टोरल यूथ एसोसिएशन की ओर से घुमंतु पशुपालक समुदाय की सक्रिय भागीदारी के साथ उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे रातीबड़-नीलबड़ के पास होगा। इसमें सजे-संवरे उंट, भेड़ और बकरियों के साथ घुमंतु पशुपालक पदयात्रा करते नजर आएंगे। यह दृश्य खुले आसमान के नीचे रहने वाले पशुपालक समुदाय की जीवनशैली और उनकी परंपराओं को दर्शाएगा। आयोजन के माध्यम से पशुपालन, चरागाह और जंगलों के साथ घुमंतु पशुपालकों के पारंपरिक सह-अस्तित्व को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही वन संरक्षण, जैव विविधता और सतत आजीविका में उनके योगदान से जुड़ी कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। पूरे वर्ष आयाेजित होगी कार्यक्रमों की श्रृंखला
आयोजकों के अनुसार यह उद्घाटन समारोह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि वर्ष 2026 के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत है। पास्टोरल यूथ एसोसिएशन, जो दक्षिण से उत्तर भारत तक घुमंतु पशुपालक युवाओं का एक राष्ट्रीय गठबंधन है। IYRP 2026 के माध्यम से घुमंतु पशुपालकों के अधिकारों, जीवनशैली, पारंपरिक ज्ञान और नीतिगत मुद्दों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास कर रहा है। आयोजन समिति का कहना है कि मीडिया और समाज की भागीदारी से इस समुदाय की आवाज़ को और मजबूती मिलेगी।


