इंदौर में दूषित पेयजल से 14 लोगों की मौत को लेकर पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने रतलाम नगर निगम व जिला प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है। वार्ड नंबर 24 के पार्षद मोहम्मद सलीम बागवान ने अपने वार्ड के घरों में पानी साफ करने के लिए फिटकरी बांटी। नगर निमग को अलर्ट रहने के लिए कहा
दूषित पेयजल के कारण इंदौर में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इंदौर की घटना को देखते हुए पूर्व गृह मंत्री व भाजपा नेता हिम्मत कोठारी ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण न केवल अनेक नागरिक बीमार हुए हैं, बल्कि अब तक 14 लोगों की असमय मृत्यु हो चुकी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोठारी ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम को सतर्क रहते हुए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए आगाह किया है। पूर्व में आ चुकी है शिकायतें कोठारी ने कहा कि पूर्व में भी रतलाम के चौमुखीपुल, घास बाजार, खेरादीवास एवं पैलेस रोड जैसे क्षेत्रों से दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उस समय मैं स्वयं नागरिकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचा था। नगर निगम आयुक्त को शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया था, इसके बावजूद व्यवस्था सुधारने में लगभग 15 दिन का समय लग गया। नगर निगम अपनी जिम्मेदारी ना टाले कोठारी ने कहा कि यह भी देखने में आया है कि जब सीवरेज का पानी पेयजल की लाइन में मिल जाता है, तब नगर निगम अपनी जिम्मेदारी सीवरेज सिस्टम बनाने वाली कंपनी पर डालकर अपने दायित्वों से बचने का प्रयास करता है। संबंधित कंपनी भी शिकायतों पर समुचित कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इंदौर की इस घटना से सबक लेते हुए जनहित में पूरे शहर की सीवरेज एवं पेयजल पाइपलाइनों का गहन एवं तकनीकी परीक्षण किया जाए। कड़ी कार्रवाई की मांग कोठारी ने इंदौर की घटना को लेकर कहा कि इस मामले में जांच केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि दोषियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं ना हो। कांग्रेस ने बांटी फिटकरी शहर के वार्ड 24 के कांग्रेस पार्षद मोहम्मद सलीम बागवान अपने वार्ड के क्षेत्रों में गंदा पानी आने की शिकायत रहवासियों के साथ पूर्व में जनसुनवाई में कर चुके है। शुक्रवार को इन्होंने कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक पारस सकलेचा, बसंत पंड्या व वार्ड 26 के पार्षद पति के साथ 100 से 150 घरों में गंदा पानी आने पर फिटकरी बाटी। पार्षद बागवान ने बताया कि फिटकरी का बाटने का उद्देश्य यह जो गंदा पानी आ रहा है उसमें फिटकरी डाल दे। फिर पानी को छान कर या गर्म कर उपयोग करे। पूर्व में वार्ड में गंदा पानी आने की शिकायत कर चुका हूं।


