40 लाख की चोरी का खुलासा, 3 अरेस्ट:दिल्ली से डिटेन कर जयपुर लाई पुलिस, नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी

जयपुर आदर्श नगर थाना पुलिस ने 40 लाख की चोरी की खुलासा किया है, पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले सरगना, उसके बेटे और एक अन्य साथी को दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड से डिटेन किया है। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में बैठे हुए थे। डीसीपी ईस्ट तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 16 जनवरी को कैलाश गोयल निवासी ए-87, जनता कॉलोनी ने पुलिस थाना आदर्श नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने घर पर एक नौकर 12 दिसंबर 2024 को 12 हजार रुपए महीने में रखा था, जिसका नाम पंकज थापा (20) पुत्र भीम थापा जिला कास्की पोखरा कास्की नेपाल है। 15 जनवरी को उनका पूरा परिवार शाम को साढ़े 6 बजे विद्याधर नगर में रिश्तेदार के कीर्तन फंक्शन में चले गए थे। पूरे घर में ताला लगाकर नौकर पंकज थापा को छोड़कर गए थे। रात करीब सवा 11 बजे तक घर पहुंचे तो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकेण्ड फ्लोर के ताले टूटे हुए मिले थे। सभी अलमारी व ड्रेसिंग रूम के ताले टूटे हुए मिले। पंकज थापा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवरात व करीब सवा लाख कैश चोरी कर फरार हो गया। जिस पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। सीआई आदर्श नगर धर्म सिंह के नेतृत्व में पुलिस थाना आदर्श नगर पर एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने मौके पर लगे हुए सीसीटीवी फुटेज और आस पास रहने वाले अन्य नेपाल निवासियों से पूछताछ शुरू की। तो पता चला कि इस वारदात को नौकर पंकज व उसके साथियों झपट बहादुर, शेर बहादुर, राजेश सोप, कृष्ण बहादुर, पवन साही ने अंजाम दिया है। जो वारदात के बाद पैदल पैदल ट्रान्सपोर्ट नगर की तरफ गए जहां से उन लोगों ने दिल्ली के लिए बस पकड़ ली। जिस पर एक टीम को दिल्ली रवाना किया गया। पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर सर्च किया तो पुलिस के हाथ झपट बहादुर, कृष्ण व राजेश सोप लगे जिन्हे मौके से डिटेन कर पुलिस जयपुर लेकर आई है। अन्य साथियों के तलाश के लिए पुलिस टीम को नेपाल बॉर्डर और उत्तराखंड की तरफ भेजा गया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने करीब 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और कुछ नगदी बरामद की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *