जयपुर में श्री ढाढण शक्ति प्रचार मंडल की ओर से आयोजित दिव्य ज्योत रथ यात्रा का भव्य आगमन हो रहा है। रथ यात्रा का स्वागत सर्वप्रथम अंबाबाड़ी स्थित दुर्गा मंदिर में रविवार सुबह 10 बजे किया जाएगा। इसके बाद 10:30 बजे से विशाल शोभायात्रा के रूप में रथ विद्याधर नगर सेक्टर-2 स्थित उत्सव स्थल की ओर प्रस्थान करेगा। कार्यक्रम के संयोजकों राजकुमार बजाज और प्रदीप बजाज ने बताया कि यह दिव्य ज्योत रथ देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए जयपुर पहुंचा है। जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के बाद रथ अपने अंतिम गंतव्य ढाढण धाम (फतेहपुर, सीकर) के लिए रवाना होगा। उत्सव स्थल पर शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ढाढण धाम में 26 जनवरी 2025 को एक भव्य भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध भजन गायक दादी जी के दरबार में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।


