सक्ती जिले में सब्जी लेने जा रहे एक युवक से मारपीट और लूट के मामले में बाराद्वार पुलिस ने आठ माह से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान बाराद्वार के रहने वाले गोलू उर्फ दातादास महंत के रूप में हुई है। मामला 5 मार्च 2025 का है। जानकारी के मुताबिक, सोंठी का रहने वाला सुमीत कुमार पटेल (29) सुबह करीब 6:10 बजे सक्ती सब्जी मार्केट जा रहा था। सकरेली ओवरब्रिज के ढलान पर एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, वहां दो अन्य युवक पहुंच गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सब्जी लटकाने वाले डंडे से सुमीत पटेल के सिर पर हमला कर उन्हें चोट पहुंचाई। इसके बाद उन्होंने पैंट की जेब से पर्स निकालकर 5300 रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए। 2 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी सुमीत पटेल ने बाराद्वार थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दो अन्य आरोपियों राजकुमार यादव (22) और अजय कुमार खुंटे (19) निवासी वार्ड क्रमांक 09 बाराद्वार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। घर आया था आरोपी तीसरा आरोपी गोलू उर्फ दातादास महंत घटना के बाद से फरार था। 2 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गोलू उर्फ दातादास महंत अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 58/25, धारा 309(4), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत की गई है।


